Type Here to Get Search Results !

मंडल अध्यक्षों व मंत्रियों का सम्मान, मनोज साहू ने उपचुनाव में एकजुट होकर जुटने का किया आह्वान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा की ओर से चलाए जा रहे सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के तहत न्यू बरगंडा स्थित भाजपा नेता मनोज साहू के आवासीय कार्यालय में नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल मंत्रियों के सम्मान में कार्यकर्ता मिलन समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रंजीत राय ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने में मंडल स्तर के पदाधिकारियों की अहम भूमिका है। उन्होंने नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंत्रियों से पार्टी के कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।

भाजपा नेता मनोज साहू ने कहा कि कार्यकर्ता मिलन समारोह के माध्यम से नवनियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव को लेकर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन के लिए काम करने की जरूरत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की गतिविधियों को आम लोगों तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।इस दौरान नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों एवं मंडल मंत्रियों को सम्मानित किया गया। कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी के कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। मौके पर संदीप डोंगाइच, नवीन सिन्हा, जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकू, राकेश आर्या, किशोर साव, राजेश गुप्ता, उज्ज्वल साव, गुड़िया देवी समेत भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.