Type Here to Get Search Results !

बंदरकुपी में सब इंस्पेक्टर के 24 वर्षीय बेटे की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर हत्या करने का आरोप।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी में गुरुवार की देर रात आपसी विवाद के बाद 24 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजेंद्र नगर निवासी ऋतिक यादव के रूप में हुई है। वह बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर मुसाफिर सिंह यादव का पुत्र बताया जा रहा है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, ऋतिक गुरुवार रात करीब 11 बजे अपने दो दोस्तों के साथ बंदरकुपी स्थित एक मैगी प्वाइंट पर गया था। इसी दौरान कुछ युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

आरोप है कि विवाद के बाद करीब 10 से 15 युवक मौके पर पहुंचे और ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को उसके दोस्त इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटना में शामिल आरोपियों की पहचान और विवाद के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इधर, ऋतिक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.