Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में कलयुगी पिता की करतूत:- बेटे की कराई कथित रूप से अपनी प्रेमिका से शादी, विरोध पर कट्टे से किया जानलेवा हमला//धोखे से कराई शादी के बाद खुला कथित रिश्ते का राज।।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

जिले के भोलापुर गांव से रिश्तों को झकझोर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता पर अपने ही बेटे को कथित तौर पर धोखे में रखकर अपनी प्रेमिका से शादी कराने और बाद में विवाद बढ़ने पर बेटे पर देशी कट्टे से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि आरोपी पिता के फरार होने की बात सामने आ रही है। इस घटना को लेकर पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है। मामला शाली पंचायत के भोलापुर गांव का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार गांव निवासी मदिश अंसारी पर आरोप है कि उसने अपने बेटे सिराज अंसारी को भरोसे में लेकर उसकी शादी एक युवती से करा दी। बताया जा रहा है कि शादी के समय सिराज को इस बात की जानकारी नहीं थी कि उक्त युवती के साथ उसके पिता का कथित रूप से पहले से संबंध था। शादी के बाद धीरे-धीरे घर के अंदर चल रहे विवाद और कथित संबंधों की जानकारी सामने आने लगी।

*शादी के बाद सामने आया विवाद:-
बताया जाता है कि शादी के बाद सिराज अंसारी को अपने पिता और पत्नी के बीच कथित संबंधों की जानकारी मिली। इसके बाद परिवार में विवाद शुरू हो गया। मामला धीरे-धीरे ग्रामीणों तक पहुंचा तो सामाजिक स्तर पर इसे सुलझाने की कोशिश की गई। ग्रामीणों के अनुसार, मामले को लेकर शाली पंचायत के मुखिया, भोलापुर गांव के सदर, सेक्रेटरी समेत अन्य ग्रामीणों की मौजूदगी में कई बार बैठक और पंचायत भी हुई। बताया जा रहा है कि तीन से चार बार सामाजिक बैठक कर दोनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त कराने और परिवार को बचाने का प्रयास किया गया। पंचायत में मामले को लेकर समझाने-बुझाने की कोशिश भी की गई, लेकिन विवाद का स्थायी समाधान नहीं हो सका। आरोप है कि इसके बावजूद पिता और बहू के बीच कथित संबंधों को लेकर विवाद जारी रहा।

*तंग आकर बेटे ने लिया तलाक का फैसला:-
लगातार विवाद और पारिवारिक तनाव से परेशान होकर सिराज अंसारी ने अपनी पत्नी से तलाक लेने का फैसला किया। बताया जा रहा है कि तलाक की प्रक्रिया पूरी करने के बाद जब वह शाम के समय अपने घर लौटा, तभी उसके साथ विवाद हो गया। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसके पिता मदिश अंसारी ने उस पर देशी कट्टे से हमला कर दिया। हमले में सिराज गंभीर रूप से घायल हो गया और खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
*घटना के बाद आरोपी फरार:-
वारदात के बाद आरोपी पिता के मौके से फरार होने की बात सामने आ रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस द्वारा घटना के कारणों, पारिवारिक विवाद और हमले में इस्तेमाल हथियार समेत अन्य बिंदुओं की जांच की जा रही है। इधर, घटना के बाद भोलापुर गांव और आसपास के इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पारिवारिक विवाद को पंचायत के माध्यम से कई बार सुलझाने का प्रयास किया गया था, लेकिन मामला गंभीर रूप ले लिया। हालांकि, घटना में लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं हुई है। पुलिस जांच और आधिकारिक बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। घटना ने इलाके में सनसनी पैदा कर दी है और ग्रामीण आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.