घर में घुसकर महिला पर धारदार हथियार से हमला, आरोपी हिरासत में।
SHIKHAR DARPANThursday, October 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बाभनटोली काली बाबू हाता स्थित एक मकान में घुसकर एक महिला पर धारदार हथियार से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में नीति बरनवाल गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजनों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल महिला के पति एवं संजय सीमेंट हाउस के संचालक संजय बरनवाल ने बताया कि हमला करने वाला युवक पूर्व में उनके यहां चालक के रूप में काम करता था।
किसी बात को लेकर विवाद के बाद युवक घर में घुस आया और उनकी पत्नी नीति बरनवाल पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने का प्रयास कर रहा था, तभी आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है। मामले में सीसीटीवी फुटेज के साथ परिजनों एवं आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, गंभीर रूप से घायल नीति बरनवाल का अस्पताल में इलाज जारी है।