Type Here to Get Search Results !

बंदरकुप्पी ऋतिक यादव हत्याकांड का एसपी ने किया खुलासा/पुलिस ने दो आरोपी को किया गिरफ्तार, बिना नंबर की कार जब्त।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी में 24 सितंबर की रात हुई ऋतिक यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मंगलवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसपी ने बताया कि 24 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान ऋतिक यादव की हत्या कर दी गई थी। मामले में मृतक के पिता मुसाफिर सिंह के आवेदन पर मुफस्सिल थाना कांड संख्या 270/26 दर्ज किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सतिश यादव, पिता अरुण यादव, तथा उसके सहयोगी अनुज कुमार यादव, पिता सुखदेव यादव, दोनों निवासी नावाडीह, थाना पीरटांड़, को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में घटना में उनकी संलिप्तता सामने आई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बिना रजिस्ट्रेशन नंबर की सफेद रंग की कार, खून के नमूने लगे कपड़े, बांस की तीन लाठियां, पेड़ की एक डाली और तीन जोड़ी चप्पल बरामद की है। एसपी ने बताया कि घटना में शामिल अन्य प्राथमिकी एवं अप्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ जीतवाहन उरांव, एसडीपीओ डुमरी आबिद खान, मुफस्सिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन कुमार,नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो,पीरटांड थाना प्रभारी जितेंद कुमार सिंह,पचंबा थाना प्रभारी राजीव कुमार सहित पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.