दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य।
SHIKHAR DARPANWednesday, October 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दुर्गापूजा एवं दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली, पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण को लेकर व्यापक तैयारियों की समीक्षा की गई।उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि दुर्गापूजा आस्था और श्रद्धा का पर्व है। सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाएं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पेयजल, सड़क, विद्युत और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। जर्जर विद्युत तार एवं पोल जैसी समस्याओं को समय रहते दूर करने को भी कहा गया। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, सीसीटीवी कैमरे, हेल्प डेस्क, पर्याप्त रोशनी, अग्निशमन यंत्र और वॉलंटियर्स की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। पंडालों में प्रवेश और निकास के लिए पर्याप्त रास्ता रखने तथा पंडालों के समीप वाहनों की पार्किंग नहीं होने देने का निर्देश दिया गया। भीड़ को देखते हुए महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया।
अग्नि सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। पंडालों में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने, बिजली के तारों एवं शॉर्ट-सर्किट की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने तथा अग्निशमन वाहनों के आवागमन के लिए रास्ता खुला रखने को कहा गया। पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नियमित अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। चाट, पुचका, छोला, पनीर, चाउमीन, मोमो सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच करने तथा मिलावटी खाद्य सामग्री पर कार्रवाई करने को कहा गया। वहीं उत्पाद विभाग को अवैध शराब के कारोबार एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ नियमित छापेमारी करने का निर्देश दिया गया। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा एवं दशहरा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। संवेदनशील पूजा पंडालों में विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स, महिला वॉलंटियर्स एवं पुलिस मित्रों की तैनाती करने तथा सभी वॉलंटियर्स को पहचान-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
आवश्यकता वाले स्थानों पर कंट्रोल रूम स्थापित करने और पंडालों में अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था रखने को भी कहा गया। एसपी ने सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखने की बात कही। भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले पोस्ट एवं वीडियो के प्रसार पर नजर रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में प्रतिमा विसर्जन को लेकर भी चर्चा हुई। विसर्जन स्थलों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा एवं भीड़ नियंत्रण की तैयारी समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया।आकस्मिक परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई के लिए (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को सक्रिय रखने को कहा गया। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी सहित जिले के प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी, शांति समिति के सदस्य एवं विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।