रूपी सोरेन के निधन पर झामुमो जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि।
SHIKHAR DARPANWednesday, October 07, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन पर गिरिडीह स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। बताया गया कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का बीते दिनों रांची स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से झामुमो कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर है।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए उनके सामाजिक जीवन और योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, गिरिडीह नगर निगम की मेयर प्रमिला मेहरा, उप मेयर सुमित कुमार, कृष्ण मुरारी शर्मा सहित पार्टी के कई नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सभी ने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान झामुमो जिला कार्यालय का माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।