खुखरा में डिग्री कॉलेज का सत्र शुरू कराने की मांग, राज्यपाल को सौंपा मांग पत्र।
SHIKHAR DARPANThursday, October 08, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के खुखरा में करीब तीन वर्ष पूर्व बनकर तैयार हुए डिग्री कॉलेज में अब तक शैक्षणिक सत्र शुरू नहीं होने के बाद। कॉलेज में जल्द पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं आम आवाम विकास मोर्चा के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश महतो ने राज्यपाल को मांग पत्र सौंपा है। मांग पत्र में कहा गया है कि खुखरा में डिग्री कॉलेज का भवन बने तीन वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन अभी तक यहां शैक्षणिक सत्र शुरू नहीं किया गया है। इस कारण पीरटांड़ क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए करीब 60 किलोमीटर दूर गिरिडीह सहित अन्य शहरों में जाना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि दूर-दराज के क्षेत्रों से प्रतिदिन आने-जाने में छात्राओं को विशेष रूप से कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए राँची/धनबाद जैसे शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक एवं आवागमन संबंधी परेशानी बढ़ जाती है। ओम प्रकाश महतो ने राज्यपाल से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक निर्देश देकर खुखरा डिग्री कॉलेज में जल्द से जल्द शैक्षणिक सत्र शुरू कराया जाए, ताकि पीरटांड़ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि कॉलेज के शुरू होने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें उच्च शिक्षा के लिए दूर शहरों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।