सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं दुर्गा पूजा, दो-तीन दिनों में दुरुस्त हों सभी व्यवस्थाएं: महापौर प्रमिला मेहरा।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दुर्गा पूजा को लेकर गिरिडीह शहरी क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया गया। जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह, महापौर प्रमिला मेहरा और उप महापौर सुमित कुमार ने सोमवार को प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम के पदाधिकारियों और पूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पंडालों का भ्रमण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित विभागों को कमियों को चिह्नित कर दो से तीन दिनों के भीतर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया।निरीक्षण के दौरान जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू प्रत्येक वर्ष दुर्गा पूजा की तैयारियों को लेकर पूजा समितियों से संपर्क करते थे और पंडालों में मौजूद कमियों को दूर कराने का प्रयास करते थे। इस वर्ष भी उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण कर समस्याओं को सूचीबद्ध किया गया है, ताकि उनका त्वरित समाधान हो सके। महापौर प्रमिला मेहरा ने स्वच्छता, सुरक्षा, बिजली आपूर्ति, पेयजल, यातायात प्रबंधन और अग्निशमन व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान लाखों श्रद्धालु शहर के पूजा पंडालों में पहुंचते हैं।
ऐसे में सभी विभागों की जिम्मेदारी है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण मिले। उन्होंने पूजा पंडालों में साफ-सफाई और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने, भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष सुरक्षा बल तैनात करने तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ बैकअप की व्यवस्था रखने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को भी कहा गया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सके। महापौर ने शहरवासियों से स्वच्छता बनाए रखने, यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करते हुए दुर्गा पूजा को सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की। इस मौके पर उप महापौर सुमित कुमार, नगर आयुक्त विजय सिंह बिरूवा, प्रशिक्षु आईएएस एस. कुमार, सदर एसडीओ धीरेन्द्र प्रसाद, उप नगर आयुक्त अशोक हांसदा, सिटी मैनेजर मंजूर आलम, विभिन्न विभागों के अभियंता, झामुमो जिला उपाध्यक्ष अजित कुमार पप्पू, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, गिरिडीह साउंड यूनियन के जिला अध्यक्ष रामजी यादव, युवा नेता अभय सिंह, रंजीत यादव, हबलू गुप्ता, दिलीप रजक, राकेश कुमार सिंह, मोनू सिंह समेत कई लोग मौजूद थे।