पीरटांड़ में आजसू का जनसंवाद आज, दरी पर बैठकर ग्रामीणों से रूबरू होंगे सुदेश महतो//चार हजार कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा, जमुआ मैदान में तैयारियां पूरी।
SHIKHAR DARPANSaturday, October 10, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
आजसू पार्टी की ओर से पीरटांड़ प्रखंड के नावाडीह स्थित जमुआ मैदान में आयोजित होने वाले जनसंवाद कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ग्रामीणों के बीच दरी पर बैठकर सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान ग्रामीणों को अपनी समस्याएं खुलकर रखने का अवसर मिलेगा। साथ ही क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं और ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शनिवार को आजसू पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की टीम ने जमुआ मैदान का निरीक्षण किया। इस दौरान लोगों के बैठने की व्यवस्था, मंच और अन्य आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया गया। निरीक्षण के बाद पार्टी की ओर से प्रेस बयान जारी कर कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई। आजसू जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव और युवा जिला प्रभारी उत्कर्ष महतो ने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम में आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, गिरिडीह सांसद समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है और सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पार्टी की ओर से करीब चार हजार कार्यकर्ताओं के शामिल होने का दावा किया गया है।नेताओं ने कहा कि जनसंवाद कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों से सीधे जुड़ना और उनकी समस्याओं को सुनना है। पारंपरिक मंच से भाषण देने के बजाय दरी पर बैठकर आम लोगों से संवाद करने की पहल की गई है, ताकि ग्रामीण बिना किसी संकोच के अपनी बात रख सकें।युवा नेता उत्कर्ष महतो इस सभा के जरिए अपनी ताकत का प्रदर्शन भी कर रहे हैं। वहीं, राजनीतिक गलियारों में गिरिडीह विधानसभा से उनके चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हुई है।मौके पर मिराज आलम,धीरज बरनवाल,केशव पाठक,मुकेश सोनार,प्रकाश पंडित सहित आजसू पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे।