ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस-माले का हल्लाबोल, प्रतिवाद मार्च निकालकर गिरफ्तारी की मांग।
SHIKHAR DARPANTuesday, October 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में मंगलवार को इंडिया गठबंधन के बैनर तले कांग्रेस और माले कार्यकर्ताओं ने गिरिडीह में जोरदार प्रतिवाद मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिवाद मार्च की शुरुआत झंडा मैदान से हुई। मार्च नटराज चौक पहुंचा, जहां नेताओं व कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद मार्च टावर चौक, कालीबाड़ी चौक होते हुए बड़ा चौक पहुंचा और अंत में गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष समाप्त हुआ। यहां सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए माले के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने संवैधानिक पद की गरिमा के विपरीत कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि कथित तौर पर फर्जी तरीके से चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर भाजपा को लाभ पहुंचाने का काम किया गया है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार को तत्काल बर्खास्त कर गिरफ्तार करने की मांग की।बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि एसआईआर के नाम पर मतदाताओं के नाम काटे गए हैं। उन्होंने फॉर्म-6 से संबंधित प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए चिंता का विषय बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि ज्ञानेश कुमार पर संविधान की धारा 326 के खिलाफ काम करने का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई की मांग की। मार्च में कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सुरेंद्र सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, मो. समीम, डॉ. समीर राज चौधरी, राजेश सिन्हा, मनोज यादव, अशोक विश्वकर्मा, लड्डू खान, नरेश वर्मा, राजेश तुरी, साबिर खान और जयंती कुमारी समेत कांग्रेस और माले के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।