Type Here to Get Search Results !

पीरटांड में सुदेश महतो की जन चौपाल, पेड़ के नीचे बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं//रोजगार की कमी और नशाखोरी का मुद्दा उठा//रे झारखंड में जन संवाद अभियान चलाने की तैयारी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड में जन समस्याओं को लेकर सीधा संवाद स्थापित करने की पहल के तहत रविवार को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ प्रखंड स्थित जमुआ गांव में आजसू पार्टी की ओर से जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो शामिल हुए। उन्होंने गांव में पेड़ के नीचे ग्रामीणों के बीच बैठकर पारंपरिक चौपाल की तर्ज पर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनकी जरूरतों को समझने का प्रयास किया। जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में रोजगार के अवसरों की कमी, बढ़ती नशाखोरी और अन्य स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान के लिए जमीनी स्तर पर ठोस पहल की जरूरत है। सुदेश महतो ने ग्रामीणों से सीधे बातचीत कर उनकी बातों को सुना और जन समस्याओं पर संवाद को महत्वपूर्ण बताया।

*25 वर्षों के शासन में योजनाओं की समीक्षा जरूरी:-
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड में 25 वर्षों के शासन के बाद यह आकलन करना जरूरी है कि राज्य की परिस्थितियों और जनता की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाई जा रही हैं या नहीं। साथ ही यह भी देखना होगा कि सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि केवल योजनाएं बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका सही तरीके से क्रियान्वयन और आम जनता तक लाभ पहुंचना भी जरूरी है। जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनना और जमीनी हकीकत को समझना ही जन संवाद का मुख्य उद्देश्य है।

*पूरे झारखंड में चलेगा जन संवाद अभियान:-
आजसू प्रमुख ने बताया कि जन चौपाल अभियान का यह पहला चरण है। आने वाले दिनों में इसे पूरे झारखंड में चलाने की तैयारी है। अभियान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों के ग्रामीणों और आम लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा। उनकी समस्याओं, अपेक्षाओं और स्थानीय जरूरतों को समझकर जनहित के मुद्दों को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से मिले सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि जनता की भागीदारी से ही वास्तविक समस्याओं को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। जन संवाद के जरिए गांवों की आवाज को सामने लाने पर जोर दिया जाएगा।
*हरेलाल महतो के भाजपा में जाने पर बोले सुदेश:-
इंचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ नेता हरेलाल महतो के भाजपा में शामिल होने से जुड़े सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि “25 वर्षों की दोस्ती समाप्त हुई है।” उन्होंने इस घटनाक्रम पर मंथन करने की जरूरत भी बताई। उनका यह बयान दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से रहे राजनीतिक संबंधों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

*उपचुनाव के बीच जन चौपाल की चर्चा:-
गिरिडीह में आयोजित इस जन चौपाल को स्थानीय समस्याओं के साथ-साथ राजनीतिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। गिरिडीह विधानसभा उपचुनाव की पृष्ठभूमि में आजसू प्रमुख का ग्रामीणों के बीच पहुंचकर सीधे संवाद करना चर्चा का विषय बना है। हालांकि, पार्टी ने इस कार्यक्रम को राज्यव्यापी जन संवाद अभियान की शुरुआत बताया है। अब सबकी नजर अभियान के अगले चरणों पर रहेगी कि आजसू पार्टी किस तरह ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाती है और रोजगार, नशाखोरी तथा सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर जनता से संवाद को आगे बढ़ाती है।कार्यक्रम के दौरान सुदेश महतो ने आजसू के युवा नेता उत्कर्ष महतो का नाम लेते कहा इस कार्यक्रम के लिए में उन्होंने धन्यवाद देता हूँ।वही कार्यक्रम में चंद्रप्रकाश चौधरी, लम्बोदर महतो,देव शरण भगत, महासचिव दीपक महतो,युवा प्रभारी उत्कर्ष महतो,जिला अध्यक्ष गुड्डू यादव,संतोष महतो,टिकेट महतो,कोलेश्वर दास, बिना देवी, अनूप पाण्डे,कम्पू यादव,मिराज आलम,प्रकाश पंडित,मुकेश सोनार सहित कई लोग शामिल रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.