समाहरणालय सभागार में अधिकारियों एवं कर्मियों ने लिया नशा मुक्त समाज का संकल्प//नशा मुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता जरूरी:- उपायुक्त।
SHIKHAR DARPANThursday, October 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नशा मुक्त समाज के निर्माण एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से आज समाहरणालय सभागार में नशा मुक्त अभियान के तहत शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने समाहरणालय के वरीय पदाधिकारियों, अधिकारियों एवं कर्मियों को नशा मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है। नशे के खिलाफ जागरूकता एवं सामाजिक सहभागिता को मजबूत करते हुए प्रशासन के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करे और स्वस्थ एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाए।
उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का संकल्प केवल एक दिन तक सीमित न रहकर व्यवहार और सामाजिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनना चाहिए। विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता, संवाद और सकारात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। शपथ के दौरान अधिकारियों एवं कर्मियों ने नशीले पदार्थों का सेवन नहीं करने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने आमजनों से भी अपील की कि नशे के विरुद्ध सामूहिक प्रयासों को मजबूत करें, युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें तथा “नशा मुक्त जीवन—स्वस्थ समाज” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।