प्रेरणा पुस्तकालय का एसपी ने किया उद्घाटन, युवाओं को मिलेगा पढ़ाई का बेहतर माहौल।
SHIKHAR DARPANThursday, October 01, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
खुखरा में विद्यार्थियों एवं युवाओं को अध्ययन के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रेरणा पुस्तकालय की शुरुआत की गई। गुरुवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने फीता काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। मौके पर एएसपी सुरजीत कुमार सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद रहे।पुस्तकालय के निर्माण की पहल करीब एक वर्ष पूर्व खुखरा पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक और तत्कालीन थाना प्रभारी के प्रयास से शुरू हुई थी। खुखरा के एक पुराने भवन में पुस्तकालय खोलने की योजना बनी थी, लेकिन कार्य अधूरा रह गया था। इसके बाद वर्तमान थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह ने अधूरे कार्य को आगे बढ़ाया। केशव पाठक और रविंद्र कुमार सिंह के संयुक्त प्रयास से पुस्तकालय को तैयार कराया गया। उद्घाटन से पूर्व पुस्तकालय परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और फीता काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर अतिथियों ने पौधारोपण भी किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, विद्यार्थी और युवा उपस्थित रहे। मौके पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि खुखरा में पुस्तकालय की शुरुआत एक अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि यह पहला प्रयास है और इसे आगे बढ़ाने का काम पुलिस करेगी। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से पुस्तकालय का नियमित रूप से लाभ उठाते हुए मन लगाकर अध्ययन करने की अपील की। एसपी ने पुस्तकालय में अनुशासन और शांत वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय में मोबाइल फोन नहीं लाने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को शांत वातावरण में पढ़ाई का अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर माहौल देना है। उन्होंने लोगों से कानून के प्रति जागरूक रहने तथा किसी भी समस्या की जानकारी पुलिस को देने की भी अपील की।