पारसनाथ वन्यप्राणी आश्रयणी में गूंजा वन्यजीव संरक्षण का संदेश//वन्यप्राणी सप्ताह के दौरान प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण का लिया संकल्प।
SHIKHAR DARPANFriday, October 02, 2026
0
मधुबन,शिखर दर्पण संवाददाता।
पारसनाथ वन्यप्राणी आश्रयणी में वन्यजीवों के संरक्षण एवं पर्यावरण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को प्रकृति, वन एवं वन्यजीवों के संरक्षण का संदेश देते हुए इनके प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का आयोजन सूरज कुमार सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी, वन्यप्राणी आश्रयणी हजारीबाग एवं रामबाबू सिंह, सहायक वन संरक्षक सह वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी, पारसनाथ गिरिडीह के निर्देशानुसार किया गया। इस अवसर पर सिकंदर प्रसाद, अशोक कुमार, मधुबन उपमुखिया झरी महतो, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा समेत वनकर्मी एवं प्रकृति प्रेमी मौजूद रहे।
वक्ताओं ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति की अमूल्य धरोहर हैं और पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। जंगल सुरक्षित रहेंगे तो वन्यजीव भी सुरक्षित रहेंगे और मानव जीवन भी संतुलित रहेगा। वन्यप्राणी सप्ताह के दौरान लोगों को वन क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक एवं कचरे का उपयोग नहीं करने, पेड़-पौधों की रक्षा करने तथा वन्यजीवों को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाने के लिए जागरूक किया गया। जंगलों में आग की घटनाओं को रोकने और वन संपदा की सुरक्षा में आम लोगों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया।वक्ताओं ने कहा कि पारसनाथ क्षेत्र धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ-साथ प्राकृतिक संपदा, वन क्षेत्र एवं जैव विविधता के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसकी प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और संरक्षित वन क्षेत्र मिल सके।