उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी, साइबर ठगी करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई।
SHIKHAR DARPANSunday, October 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
उपायुक्त रामनिवास यादव के नाम और पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी सोशल मीडिया आईडी संचालित करने तथा उसके माध्यम से लोगों को गुमराह कर साइबर ठगी करने का मामला सामने आया है। इसे गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिला जनसंपर्क कार्यालय की ओर से रविवार, 11 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में आमजनों से सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की अपील की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी अधिकारी के नाम, पदनाम, फोटो या पहचान का दुरुपयोग कर फर्जी आईडी चलाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उपायुक्त या किसी अन्य प्रशासनिक अधिकारी के नाम से संचालित संदिग्ध सोशल मीडिया आईडी पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
यदि किसी अधिकारी के नाम से आर्थिक सहायता, भुगतान या अन्य लेन-देन के लिए संदेश आता है, तो संबंधित कार्यालय के आधिकारिक माध्यम से उसकी पुष्टि अवश्य करें।प्रशासन ने लोगों को चेतावनी दी है कि किसी भी संदिग्ध अनुरोध पर पैसे न भेजें और अपना ओटीपी, यूपीआई पिन या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। फर्जी आईडी की जानकारी मिलने पर उसका स्क्रीनशॉट और लिंक सुरक्षित रखते हुए तत्काल साइबर थाना या नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें।यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है, तो उसे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता आधिकारिक स्रोतों से जांचने और भ्रामक संदेशों को साझा करने से बचने की अपील की है।