Type Here to Get Search Results !

उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ नवाटांड़ क्रिकेट कप 2026 का फाइनल मुकाबला//खेल युवाओं में अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच विकसित करने का सशक्त माध्यम : अतिथिगण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

महादेव क्रिकेट क्लब, नवाटांड़, चुंगलो के तत्वावधान में तथा किंग्स्टन क्रॉप साइंसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रायोजन में आयोजित नवाटांड़ क्रिकेट कप 2026 का फाइनल मुकाबला उत्साहपूर्ण एवं रोमांचक माहौल में संपन्न हुआ। टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को खेल के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश भी दिया गया। फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में गिरिडीह महानगर भाजपा जिलाध्यक्ष सह जिला परिषद प्रतिनिधि रंजीत कुमार राय, गिरिडीह के एएसपी सुरजीत कुमार, एमएस डेंटल केयर के निदेशक डॉ. सुमन कुमार तथा जसपुर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि श्यामलाल सोरेन उपस्थित रहे। अतिथियों की मौजूदगी से खिलाड़ियों और आयोजन समिति के सदस्यों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास, अनुशासन, टीम भावना और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने युवाओं से खेलकूद से जुड़ने, नशे से दूर रहने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की।टूर्नामेंट को सफल बनाने में आयोजन समिति की अहम भूमिका रही। आयोजकों में परितोष सिंह, शेखर राय, आनंद शेखर, संदीप राय, आलोक सिंह, विवेक सिंह, संजीव सिंह सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल रहे। अंत में महादेव क्रिकेट क्लब ने टूर्नामेंट के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले प्रायोजक, अतिथियों, खिलाड़ियों, दर्शकों और सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। क्लब ने भविष्य में भी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।महादेव क्रिकेट क्लब का संदेश है—नशामुक्त समाज का निर्माण, खेल को बढ़ावा और युवाओं को नई दिशा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.