Type Here to Get Search Results !

लेदा में बाइक छिनतई का नया तरीका, आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर छीनी बाइक।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के लेदा पानी टंकी के पास शुक्रवार की रात बाइक छिनतई की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। करीब 9:30 से 10 बजे के बीच तीन बुलेट सवार अपराधियों ने रास्ता पूछने के बहाने एक बाइक सवार को निशाना बनाया और उसकी आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद अपराधी बाइक लेकर मौके से फरार हो गए। भुक्तभोगी की पहचान बेंगाबाद थाना क्षेत्र के मोतीलेदा निवासी 55 वर्षीय भागीरथ राय के रूप में हुई है। बताया गया कि वह लेदा स्थित भजन मंडली में कीर्तन में शामिल होने जा रहे थे। पहली बार लेदा जाने के कारण वह रास्ते से अनजान थे। कोवाड़ के पास उन्होंने बुलेट सवार तीन युवकों से लेदा जाने का रास्ता पूछा। युवकों ने उन्हें रास्ता बताया, लेकिन इसके बाद उनका पीछा करने लगे। लेदा पानी टंकी के समीप बुलेट सवार युवकों ने अचानक भागीरथ राय की बाइक को ओवरटेक किया और उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया।

तेज जलन के कारण उन्होंने बाइक रोक दी। इसी दौरान अपराधियों ने दोबारा उनकी आंखों में मिर्ची पाउडर डाला और उनकी बाइक की चाबी छीन ली। इसके बाद एक अपराधी बाइक लेकर बुलेट सवार साथियों के साथ फरार हो गया।घटना के समय आसपास जंगल और अंधेरा होने के कारण पीड़ित को तत्काल मदद नहीं मिल सकी। किसी तरह वह लेदा पहुंचे और स्थानीय लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने मुफस्सिल थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के करीब 15 से 20 मिनट के भीतर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी ज्ञान रंजन ने भी घटना की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। अपराधियों की पहचान और छीनी गई बाइक की बरामदगी के लिए पुलिस कार्रवाई में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि रास्ता पूछने के बहाने अपराधियों ने पहले से ही बाइक छिनतई की योजना बनाई थी या नहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.