Type Here to Get Search Results !

उपायुक्त रामनिवास यादव सहित वरीय अधिकारियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश, समाहरणालय परिसर में किया गया साफ-सफाई एवं पौधारोपण।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत आज समाहरणालय परिसर, गिरिडीह में “एक दिन, एक घंटा, एक साथ” स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव सहित जिले के वरीय पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सक्रिय सहभागिता निभाते हुए स्वच्छता श्रमदान किया। कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर के विभिन्न हिस्सों में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। परिसर में साफ-सफाई के साथ-साथ स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया। पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने सामूहिक रूप से श्रमदान करते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं हरित समाहरणालय परिसर के निर्माण का संदेश दिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त ने भी कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करते हुए स्वच्छता अभियान में अपना योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर के कार्यालयों, आसपास के क्षेत्रों एवं अन्य स्थानों की साफ-सफाई की गई तथा अनावश्यक कचरे एवं गंदगी को हटाकर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।

मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है। सामूहिक सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता को और प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि अपने घर, कार्यालय, सार्वजनिक स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने के साथ-साथ कचरे का उचित प्रबंधन, स्वच्छता के प्रति जागरूकता तथा अधिक से अधिक पौधारोपण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम के माध्यम से जिला प्रशासन ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामूहिक सहभागिता के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया। अधिकारियों एवं कर्मियों की सहभागिता ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ गिरिडीह के निर्माण में प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.