दुर्गा पूजा को लेकर गिरिडीह प्रशासन अलर्ट, 7 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था; बड़े वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध।
SHIKHAR DARPANThursday, October 15, 2026
0
*रूट डायवर्जन लागू, पूजा पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन यंत्र और महिला-पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती के निर्देश।
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए प्रशासन अलर्ट हो गया है। गुरुवार को अनुमंडल पदाधिकारी-सह-अनुमंडल दंडाधिकारी धीरेंद्र कुमार की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, रूट डायवर्जन, पार्किंग और बड़े वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, जरूरत के अनुसार कंट्रोल रूम बनाने, अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने तथा प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा महिला एवं पुरुष वॉलंटियर्स की तैनाती, आपातकालीन निकासी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने पर जोर दिया गया।त्योहारों के दौरान जाम से निपटने के लिए शहर के विभिन्न मार्गों पर वन-वे व्यवस्था और बैरिकेडिंग की जाएगी।
मोबाइल गली, टावर चौक, टावर चौक से मधुबन मार्ग, मकतपुर चौक से बजरंग चौक, कालीबाड़ी से मकतपुर चौक, पदम चौक, बजरंग चौक से बीबीसी चौक, मछली पट्टी से बस स्टैंड, गांधी चौक से बड़ा चौक, बभनटोली, बरमसिया चौक, वीर कुंवर सिंह चौक से 100 मीटर आगे और तिरंगा चौक पर यातायात नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था लागू रहेगी। कई मार्गों पर निर्धारित दिशा से प्रवेश निषेध रहेगा।वाहनों की पार्किंग के लिए बस स्टैंड (टेंपो स्टैंड), अंटा बंगला मैदान, अपकारी मैदान बरमसिया, झंडा मैदान, ओल्ड बस स्टैंड कोलडीहा, सर्कस मैदान और पुराना जेल परिसर को निर्धारित किया गया है। स्टेशन रोड क्षेत्र में पार्किंग की सुविधा बेहतर बनाने के लिए अंटा बंगला मैदान के उपयोग को लेकर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक से भी वार्ता की जा रही है।प्रशासन के निर्देशानुसार, 15 से 17 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 11 बजे तक शहर में बड़े वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। वहीं, 18 से 21 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 9 बजे से रात 2 बजे तक बड़े वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा।अनुमंडल पदाधिकारी ने आम नागरिकों, श्रद्धालुओं, पूजा समितियों और वाहन चालकों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1, बीडीओ, सीओ, कार्यपालक दंडाधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी, नगर निगम के अधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।