Type Here to Get Search Results !

पारसनाथ की पहाड़ियों में पुलिस-CRPF का सर्च ऑपरेशन, केन बम समेत विस्फोटक सामग्री बरामद।

*जिरवाबेडा जंगल के पास से 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल और 35 मीटर कोडेक्स वायर जब्त, नक्सली साजिश की आशंका।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पीरटांड के पारसनाथ की पहाड़ियों में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ गिरिडीह पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाकर विस्फोटक सामग्री एवं ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाले सामान बरामद किया हैं। यह कार्रवाई 10 अक्टूबर की रात गुप्त सूचना के आधार पर पीरटांड़ क्षेत्र के जिरवाबेड़ा जंगल के पास की गई। पुलिस अधीक्षक गिरिडीह डॉ. बिमल कुमार और सीआरपीएफ की 154वीं बटालियन के कमांडेंट सुनील दत्त त्रिपाठी को गुप्त सूचना मिली थी कि पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा किसी विध्वंसक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से विस्फोटक सामग्री और हथियार छिपाकर रखा गया हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए दोनों अधिकारियों के संयुक्त नेतृत्व में पुलिस एवं सीआरपीएफ की टीम गठित की गई। अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार और सीआरपीएफ के द्वितीय कमान पदाधिकारी अभिनव आनंद के नेतृत्व में गठित टीम ने जिरवाबेड़ा जंगल के आसपास सर्च ऑपरेशन चलाया।

अभियान के दौरान जंगल के पास से एक केन बम, लगभग 35 मीटर कोडेक्स वायर, एक बंडल इलेक्ट्रिक वायर, लोहे के 38 अर्धनिर्मित ग्रेनेड शेल तथा ग्रेनेड बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की गई। इसके अलावा एक इमरजेंसी लाइट भी जब्त की गई।
*संयुक्त अभियान में ये अधिकारी रहे शामिल:-
इस सर्च ऑपरेशन में अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) सुरजीत कुमार, CRPF 154वीं बटालियन के द्वितीय कमान पदाधिकारी अभिनव आनंद, खुखरा थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह, मधुबन थाना के पुलिस अवर निरीक्षक मणिलाल सिंह, सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सिंह सहित CRPF की क्विक एक्शन टीम (QAT) और जिला पुलिस बल के जवान शामिल थे।पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी को सुरक्षा बलों की महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। इस अभियान से क्षेत्र में संभावित नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के प्रयासों को बल मिला है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.