गढ़वा में 19-20 दिसंबर को होगा शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ का राष्ट्रीय अधिवेशन।
SHIKHAR DARPANMonday, October 05, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
सार्वभौम शाकद्वीपीय ब्राह्मण महासंघ (राष्ट्रीय) के प्रस्तावित राष्ट्रीय अधिवेशन को लेकर रविवार को केंद्रीय, प्रांतीय एवं जिला स्तर के पदाधिकारियों की ऑनलाइन बैठक आयोजित हुई। बैठक में झारखंड, बिहार, ओडिशा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और आंध्र प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने की, जबकि संचालन संगठन महामंत्री चंदन मिश्र ने किया। राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक उपाध्याय ने कहा कि गढ़वा में 19 और 20 दिसंबर को आयोजित होने वाला अधिवेशन ऐतिहासिक होने के साथ समाज के भविष्य के लिए मार्गदर्शक साबित होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अधिवेशन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने बताया कि अधिवेशन में समाज के सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए जाएंगे।
साथ ही मेधावी बच्चों की शिक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग, युवाओं को शैक्षणिक एवं रोजगार संबंधी सहायता तथा जरूरतमंद लोगों को चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं पर विचार किया जाएगा। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सदस्यता शुल्क को अनिवार्य रूप से लागू करने पर भी जोर दिया गया। अधिवेशन की तैयारियों की जिम्मेदारी गढ़वा जिला इकाई द्वारा की जा रही है, जिसमें पलामू, लातेहार समेत पूरे झारखंड प्रदेश से सहयोग मिलने की बात कही गई। बैठक में झारखंड अध्यक्ष मनोज मिश्र, बिहार अध्यक्ष सतीश पांडेय, आंध्र प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र मिश्र, यूपी अध्यक्ष कन्हैया पाण्डेय, ओडिशा अध्यक्ष रंजीत आचार्य, कार्यक्रम संयोजक विनोद पाठक, झारखंड उपाध्यक्ष सीताराम पाठक, पलामू अध्यक्ष संतोष पाठक, लातेहार अध्यक्ष राजकुमार पाठक समेत विभिन्न जिलों के पदाधिकारी और समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।