Type Here to Get Search Results !

पारसनाथ स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में स्थायी बैंक स्टाफ की नियुक्ति की मांग।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पारसनाथ स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा में बैंक स्टाफ की कमी को लेकर भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी ने बैंक के आंचलिक प्रबंधक, बोकारो को पत्र भेजकर स्थायी रूप से अतिरिक्त बैंक स्टाफ की नियुक्ति की मांग की है। कमेटी के पत्र में कहा गया है कि श्री सम्मेदशिखरजी जैन धर्मावलंबियों का विश्व वंदनीय तीर्थस्थल है। यहां 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों ने निर्वाण प्राप्त किया है। देश-विदेश से हर वर्ष लाखों श्रद्धालु दर्शन, पूजा एवं यात्रा के लिए पहुंचते हैं। मधुबन में करीब 35 से 40 संस्थाएं और सैकड़ों दुकानें हैं, वहीं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग बैंकिंग लेन-देन के लिए पारसनाथ शाखा पर निर्भर हैं। 

पत्र में बताया गया कि यात्रियों की बढ़ती आवाजाही के कारण बैंक में लेन-देन का दबाव बढ़ गया है। वर्तमान में स्टाफ की कमी के चलते एक ही काउंटर से बैंकिंग कार्य संचालित होने की बात कही गई है, जिससे महिलाओं, वरिष्ठ खाताधारकों और अन्य ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। भुगतान से पहले की प्रक्रिया में भी स्टाफ की आवश्यकता बताई गई है। कमेटी ने मांग की है कि बैंक ऑफ इंडिया की पारसनाथ शाखा में स्थायी रूप से अतिरिक्त स्टाफ की नियुक्ति की जाए, ताकि अलग कैश काउंटर का संचालन हो सके और श्रद्धालुओं, स्थानीय दुकानदारों तथा ग्रामीणों को बेहतर बैंकिंग सुविधा मिल सके। पत्र की प्रतिलिपि बैंक ऑफ इंडिया, पारसनाथ शाखा, गिरिडीह को भी भेजी गई है। पत्र पर शाखा के वरिष्ठ प्रबंधक सुमन कुमार सिन्हा की ओर से भी हस्ताक्षर किए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.