Type Here to Get Search Results !

नावाडीह में 11 अक्टूबर को आजसू का जनसंवाद, दरी पर बैठकर जनता से सीधा संवाद करेंगे सुदेश महतो।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के नावाडीह पंचायत अंतर्गत जमुआ मैदान में आगामी 11 अक्टूबर को आजसू पार्टी की ओर से जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो मुख्य रूप से शामिल होंगे। इस दौरान वे क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं आम लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जानेंगे। आजसू पार्टी की ओर से आयोजित इस जनसंवाद कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। बताया गया कि कार्यक्रम की सबसे खास बात यह होगी कि सुदेश महतो पारंपरिक मंच से संबोधन करने के बजाय दरी पर बैठकर आम ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान ग्रामीण अपनी समस्याओं को खुलकर उनके सामने रख सकेंगे और क्षेत्र से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार को आजसू पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की टीम ने जमुआ मैदान का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजन, लोगों के बैठने की व्यवस्था, मंच एवं अन्य आवश्यक तैयारियों को लेकर जानकारी ली गई। स्थल निरीक्षण के बाद पार्टी की ओर से प्रेस बयान जारी कर कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी गई।

पार्टी नेताओं ने बताया कि जनसंवाद कार्यक्रम में सुदेश महतो के अलावा गिरिडीह सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व विधायक लंबोदर महतो सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को जनता के बीच से समझने और उन पर चर्चा करने का प्रयास किया जाएगा।जनसंवाद के दौरान विस्थापन, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सड़क, बिजली, पानी तथा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जनता से बातचीत होने की संभावना है। पार्टी नेताओं का कहना है कि जनसंवाद का उद्देश्य केवल राजनीतिक संबोधन करना नहीं, बल्कि ग्रामीणों की समस्याओं को सीधे सुनना और उनके समाधान को लेकर संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम को लेकर आजसू कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है। पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, युवाओं एवं आम लोगों से अधिक से अधिक संख्या में 11 अक्टूबर को जमुआ मैदान पहुंचकर जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। स्थल निरीक्षण के दौरान आजसू के केंद्रीय महासचिव के अलावा जिला परिषद सदस्य गुड्डू यादव, टिकैत महतो, उत्कर्ष महतो, मेराज आलम, प्रकाश पंडित, मुकेश सोनार समेत पार्टी के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.