Type Here to Get Search Results !

दुर्गा पूजा को लेकर पीरटांड़ थाना, खुखरा थाना एवं हरलाडीह ओपी में शांति समिति की बैठक, सुरक्षा व्यवस्था पर दिए गए निर्देश।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर सोमवार को पीरटांड़ थाना , खुखरा थाना एवं हरलाडीह ओपी परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पीरटांड़ थाना में बैठक की अध्यक्षता सीओ ऋषिकेश मरांडी ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने किया। वहीं, खुखरा थाना में थाना प्रभारी रविंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में एवं हरलाडीह ओपी में प्रभारी नीरज कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई।इस दरम्यान विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों के साथ पूजा समितियों के सदस्य शामिल हुए। इस दौरान पूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात, बिजली, पानी, भीड़ नियंत्रण एवं प्रतिमा विसर्जन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।थाना प्रभारी ने पूजा समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरा, फायर सेफ्टी उपकरण, पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा महिलाओं एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश लाइन तथा अलग एंट्री और एग्जिट गेट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। पूजा समितियों के वालंटियर्स को पुलिस प्रशासन की ओर से पहचान पत्र उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था में पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित हो सके।सीओ ऋषिकेश मरांडी ने कहा कि प्रशासन पूजा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर है। पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहेगा। ड्रोन कैमरे एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी, जबकि संवेदनशील क्षेत्रों में दंडाधिकारी के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।बैठक में पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार बिष्ट, मिराज आलम, बिरजू साव, अइया खान,रवि रंजन सिंह सिंटू सिंह, सुमित कुमार, भोला साव, सजीत सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। अधिकारियों ने सभी पूजा समितियों एवं आम लोगों से शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.