भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा का रथ पहुंचा गिरिडीह, जेएलकेएम ने उठाई पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग।
SHIKHAR DARPANThursday, August 27, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के आंदोलन के समर्थन में शुरू की गई ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ का रथ गुरुवार को गिरिडीह पहुंचा। जेएलकेएम नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में जिले के तीन स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। सभाओं में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थी शामिल हुए। नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए देवेंद्र नाथ महतो ने राज्य की मौजूदा भर्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पिछले महीने से विद्यार्थी जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांग परीक्षाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से आयोजित कराने की है। महतो ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार द्वारा करीब 40 परीक्षाओं को प्रभावित करने वाले फैसले लिए गए थे, जिन्हें बाद में अदालत ने रोक दिया।
इससे अभ्यर्थियों के बीच असमंजस और आक्रोश की स्थिति बनी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रों को केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भर्ती व्यवस्था में जल्द सुधार नहीं किया गया तो जेएलकेएम पूरे राज्य में चक्का जाम आंदोलन करेगा। महतो ने कहा कि युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों के सवाल पर पार्टी पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि झारखंड की प्राकृतिक संपदाओं की रक्षा के साथ-साथ यहां के छात्रों और युवाओं के अधिकारों की रक्षा भी जरूरी है। ‘भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा’ का उद्देश्य केवल सरकार का विरोध करना नहीं, बल्कि युवाओं को उनके अधिकारों और भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के प्रति जागरूक करना भी है। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्थानीय युवाओं से संवाद कर प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर जागरूक किया। जेएलकेएम नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक भर्ती प्रक्रिया को लेकर अभ्यर्थियों का भरोसा बहाल नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।