Type Here to Get Search Results !

शांति एवं विधि-व्यवस्था के मद्देनजर 22 अगस्त को प्रस्तावित आक्रोश यात्रा की अनुमति नहीं।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार ने जानकारी दी कि शहर में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत 22 अगस्त 2026 को प्रस्तावित आक्रोश यात्रा की अनुमति प्रदान नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि जनता जागरूकता संघ, वेलफेयर ट्रस्ट, बस स्टैंड रोड, नियर सीआरपीएफ कैंप, गिरिडीह द्वारा 22 अगस्त को आक्रोश यात्रा आयोजित किए जाने की अनुमति मांगी गई थी। आवेदन में 21 अगस्त को छात्रों द्वारा विरोध प्रदर्शन तथा MMDRAB-2026 को लेकर शांतिपूर्ण धरना दिए जाने का उल्लेख किया गया है। साथ ही, बाद में दूसरी इकाई द्वारा पहली इकाई पर हमला किए जाने की बात भी आवेदन में कही गई है। 

अनुमंडल पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए शहर में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने तथा शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को ध्यान में रखा गया। ऐसी स्थिति में प्रस्तावित आक्रोश यात्रा की अनुमति प्रदान करने से विधि-व्यवस्था संबंधी चुनौती उत्पन्न हो सकती थी। उन्होंने कहा कि आमजनों की सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी के मद्देनजर 22 अगस्त को प्रस्तावित आक्रोश यात्रा की अनुमति नहीं दी गई है। उन्होंने सभी संबंधित पक्षों एवं आमजनों से शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने, संयम बरतने तथा किसी भी प्रकार की ऐसी गतिविधि से बचने की अपील की है, जिससे क्षेत्र की शांति एवं विधि-व्यवस्था प्रभावित हो। संबंधित पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देशित किया गया है।



Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.