पीरटांड़ बाजार से शराब दुकान हटाने की मांग तेज, ग्रामीणों ने दिया धरना।
SHIKHAR DARPANSunday, August 02, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ बाजार स्थित सरकारी शराब दुकान को आवासीय क्षेत्र से हटाने की मांग को लेकर रविवार को स्थानीय ग्रामीणों ने दुकान के समीप धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाओं के साथ जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण शामिल हुए। लोगों ने आरोप लगाया कि पूर्व में प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बावजूद अब तक दुकान को स्थानांतरित नहीं किया गया, जिससे क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। धरना में प्रमुख सबिता टुडू, मुखिया सोमरा हेंब्रम, भाजपा नेता श्याम प्रसाद सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लगभग 20 दिन पहले भी इसी मांग को लेकर धरना दिया गया था। उस समय उत्पाद विभाग के वरीय अधिकारियों ने 20 दिनों के भीतर शराब दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि शराब दुकान आवासीय इलाके में संचालित होने के कारण आसपास के लोगों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका आरोप है कि प्रतिदिन दुकान के बाहर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे गाली-गलौज, मारपीट और विवाद जैसी घटनाएं होती रहती हैं। इसके अलावा सड़क पर गंदगी फैलने से आम लोगों का आवागमन भी प्रभावित होता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को लिखित एवं मौखिक शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही शराब दुकान को यहां से नहीं हटाया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।