Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में मुंबई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ₹2.65 करोड़ चोरी मामले में सोने के जेवर और थार एसयूवी जब्त।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में उपसभापति संजय अहीर के घर से हुई लगभग ₹2.65 करोड़ की हाई-प्रोफाइल चोरी के मामले में मुंबई पुलिस ने झारखंड के गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी का सामान बरामद किया है। बुधवार को पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी के दौरान लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण, अन्य चोरी का सामान तथा चोरी की रकम से खरीदी गई एक महिंद्रा थार एसयूवी जब्त की गई। पुलिस के अनुसार, पंडरिया निवासी अमित यादव (26), पिता रामबचन प्रसाद यादव, तथा सांख निवासी सतीश कुमार (26), पिता पवन मिश्रा, मुंबई के वर्ली थाना क्षेत्र में उपसभापति संजय अहीर के घर में घरेलू कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। आरोप है कि दोनों ने लंबे समय तक घर में काम करने के दौरान धीरे-धीरे सोने के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी की। घर से लगातार सामान गायब होने की शिकायत मिलने पर वर्ली पुलिस ने गहन जांच शुरू की, जिसमें करीब ₹2.65 करोड़ की चोरी का खुलासा हुआ।

मामले में वर्ली थाना कांड संख्या 341/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पीएसआई योगेश थरवकर, एएसआई अरुण घटकर और सीआईडी टीम आरोपियों को लेकर गिरिडीह पहुंची। गावां थाना पुलिस के सहयोग से पंडरिया और सांख गांव में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान करीब ₹4 लाख मूल्य के सोने के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम से एक महिंद्रा थार एसयूवी खरीदी गई थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। गावां थाना प्रभारी जयप्रकाश कुमार ने बताया कि स्थानीय पुलिस ने मुंबई पुलिस की टीम को पूरी कार्रवाई में सहयोग किया। बरामद सामान और जब्त वाहन को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई को अंतरराज्यीय समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है, जिसमें मुंबई और झारखंड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में अहम सफलता मिली है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.