बराकर के समीप सूखे पेड़ से टकराई कार, कई घायल; हादसों के बावजूद नहीं हटाया गया पेड़।
SHIKHAR DARPANWednesday, August 26, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह-डुमरी मुख्य पथ स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बराकर स्थित रीजू बालिका जैन मंदिर के समीप बुधवार की रात एक चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन सवार कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति को गंभीर चोट लगी है। बताया गया कि चारपहिया वाहन गिरिडीह से डुमरी की ओर जा रहा था। इसी दौरान रीजू बालिका जैन मंदिर के समीप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद सूखे पेड़ से टकरा गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुटे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
*स्थानीय लोगों में नाराजगी:- स्थानीय लोगों के अनुसार, मंदिर के समीप सड़क किनारे खड़ा यह सूखा पेड़ लंबे समय से दुर्घटना का कारण बना हुआ है। लोगों का दावा है कि पेड़ से टकराने के कारण इस स्थान पर अब तक दर्जनों दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इसके बावजूद पेड़ को हटाने की दिशा में ठोस पहल नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे मौजूद सूखे और दुर्घटना का कारण बन रहे पेड़ों को चिन्हित कर जल्द हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।