Type Here to Get Search Results !

SIR-2026 अभियान को गति:-गिरिडीह में घर-घर पहुंचकर गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य जारी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतर्गत गिरिडीह जिले में मतदाता सूची के अद्यतन एवं शुद्धिकरण को लेकर गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गंभीरता एवं गति के साथ संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के मार्गदर्शन में अभियान की नियमित समीक्षा की जा रही है, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जा सकें।* अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (AERO) एवं वरीय पदाधिकारी लगातार क्षेत्र भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण कर रहे हैं। साथ ही बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क स्थापित करते हुए गणना प्रपत्रों का वितरण एवं संग्रहण सुनिश्चित कर रहे हैं तथा मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया से भी अवगत करा रहे हैं।

जिले में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि प्राप्त सूचनाओं का समयबद्ध एवं त्रुटिरहित संधारण सुनिश्चित किया जा सके। अभियान की सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से प्रत्येक स्तर पर कार्यों की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा की जा रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि* वे इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए अपने बूथ स्तर पदाधिकारी (BLO) को आवश्यक सहयोग प्रदान करें तथा समय पर अपना गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएं। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के माध्यम से जिले की मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान का अधिकार सुरक्षित एवं सुनिश्चित हो।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.