Type Here to Get Search Results !

सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत के बाद ग्रामीणों ने किया गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग जाम।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवार में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पालगंज निवासी (45वर्षिय)सुजीत कुमार गुप्ता की मौत के बाद गुरुवार दोपहर आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। जानकारी के अनुसार गुरुवार सुबह कठवार के समीप दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में पालगंज निवासी सुजीत कुमार गुप्ता की मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मृतक के शव को दोपहर करीब 1:30 बजे गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग पर शव को रखकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया और प्रशासन से उचित मुआवजा तथा कार्रवाई की मांग करने लगे। सड़क जाम के कारण मार्ग के दोनों ओर सैकड़ों वाहन फंस गए। यात्री और वाहन चालक घंटों परेशान रहे। जाम की वजह से मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही डुमरी इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, पीरटांड़ अंचल अधिकारी ऋषिकेश मरांडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज मरांडी, मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार तथा पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों एवं ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी मांगों को सुना और उन्हें समझाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे से अधिक समय तक चली वार्ता के बाद प्रशासन के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद लगभग 2:30 बजे सड़क जाम समाप्त कराया गया। अधिकारियों और पुलिस बल को जाम हटाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम समाप्त होने के बाद मार्ग पर फंसे वाहनों का आवागमन शुरू कराया गया और स्थिति सामान्य हुई। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सड़क जाम हटने के बाद प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई किए जाने का भरोसा दिलाया। गौरतलब है कि इस हादसे में सुजीत कुमार गुप्ता की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.