कठवारा के समीप सड़क हादसे में पालगंज निवासी की मौत, पुत्र गंभीर घायल।
SHIKHAR DARPANWednesday, June 24, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनका 10 वर्षीय पुत्र मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता अपने पुत्र के साथ पालगंज से बदडीहा मिठाई खरीदने जा रहे थे। इसी दौरान कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक के चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के मोड़ लिया, जिससे दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों द्वारा पकड़ा गया दूसरा बाइक चालक भीड़ का फायदा उठाकर अपनी बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पुत्र मनीष का इलाज जारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पालगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दोनों बाइकों को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश जारी है।