मतदाता सूची के शुद्धिकरण को लेकर प्रशासन सक्रिय, बगोदर-सरिया अनुमंडल में SIR-2026 कार्यों का अनुमंडल पदाधिकारी संतोष गुप्ता ने लिया जायजा।
SHIKHAR DARPANThursday, July 09, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतर्गत जिले में मतदाता सूची के अद्यतन, शुद्धिकरण एवं त्रुटिरहित बनाने की दिशा में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन का कार्य पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप तेज गति से संचालित किया जा रहा है। *इसी क्रम में आज अनुमंडल पदाधिकारी, बगोदर-सरिया संतोष गुप्ता ने क्षेत्र का व्यापक डोर-टू-डोर भ्रमण कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत संचालित कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ स्तर पर गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों के संग्रहण तथा उनके डिजिटाइजेशन कार्य का गहन अवलोकन किया और संबंधित BLO एवं BLO सुपरवाइजर को निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के लिए पूरी तत्परता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने मतदाताओं से भी संवाद स्थापित कर अभियान की प्रगति एवं गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर पहुंच सुनिश्चित की जाए तथा प्राप्त सभी प्रपत्रों का त्वरित एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन किया जाए।
इसके अतिरिक्त अनुमंडल पदाधिकारी ने अनुमंडल स्तर पर संचालित वोटर हेल्पलाइन डेस्क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्प डेस्क मैनेजर से निर्वाचन आयोग की हेल्पलाइन 1950 के माध्यम से प्राप्त होने वाले कॉल, मतदाताओं को दी जा रही सहायता तथा शिकायतों एवं प्रश्नों के निष्पादन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिया कि हेल्पलाइन के माध्यम से मतदाताओं को समयबद्ध, सटीक एवं प्रभावी सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान में सक्रिय सहयोग करें, समय पर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित BLO को उपलब्ध कराएं तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदाता सूची को अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।