Type Here to Get Search Results !

राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण में अनियमितता पर उठे सवाल, पांडेडीह पुलिया पर हादसों का बढ़ा खतरा।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर पांडेडीह के समीप बनी नवनिर्मित पुलिया एक बार फिर विवादों में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में तकनीकी अनियमितता के कारण पुलिया पर से गुजरते समय वाहन अचानक उछल जाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार पुलिया और सड़क की सतह एक समान नहीं होने के कारण वाहन पुलिया पर चढ़ते और उतरते समय तेज झटका खाते हैं। खासकर तेज रफ्तार कार, बाइक और छोटे मालवाहक वाहन कई बार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे उतर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई वाहन दुर्घटना का शिकार होने से बाल-बाल बच चुके हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी निर्माण के दौरान पुलिया से लोहे की सरिया बाहर निकली हुई थी, जिसके कारण कई गंभीर सड़क हादसे हुए थे। मामले के सामने आने के बाद संबंधित एजेंसी ने सरिया तो हटा दी, लेकिन पुलिया की तकनीकी खामियों को अब तक दूर नहीं किया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिन-रात भारी वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पुलिया की वर्तमान स्थिति कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लोगों ने संबंधित विभाग से पुलिया की तकनीकी जांच कराकर इसे मानकों के अनुरूप समतल बनाने, सड़क के दोनों ओर आवश्यक सुधार कार्य कराने तथा चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुधार नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.