Type Here to Get Search Results !

भाजपा नेता को जान से मारने की धमकी, सैकड़ों की संख्या में निकाला गया पैदल मार्च // पुलिस की सुस्ती से आक्रोशित क्षेत्रवासी सड़क पर उतरे, राज्यपाल को भेजा माँग पत्र।

डुमरी,शिखर दर्पण संवाददाता 

भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार को व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से जान से मारने की धमकी दिए जाने और पुलिस की निष्क्रियता के विरोध में सोमवार, 6 जुलाई को क्षेत्रवासियों ने डुमरी बस स्टैंड से अनुमंडल कार्यालय तक सैकड़ों की संख्या में शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला। मार्च के बाद अनुमंडल पदाधिकारी, डुमरी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को संबोधित एक माँग पत्र सौंपा गया, जिसमें दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी और सुरक्षा व्यवस्था की मांग की गई है।माँग पत्र के अनुसार, मुहर्रम पर्व के दौरान इसरी बाजार एवं लक्ष्मणटुंडा क्षेत्र में उत्पन्न विवाद को लेकर स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को शिकायत दी थी। इसी सिलसिले में भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार ने भी प्रशासन को मामले की जानकारी दी थी। इसके बाद 24 जून को निमियाघाट थाना में आयोजित बैठक के दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए जान से मारने की धमकी दी। अगले दिन 25 जून को व्हाट्सएप कॉल के जरिए पुनः गंभीर धमकी दी गई, जिसकी रिकॉर्डिंग भी मौजूद है।

**थाने में आवेदन के बावजूद नहीं हुई गिरफ्तारी, प्रशासन पर उठे सवाल**
सबसे गंभीर बात यह है कि थाने में लिखित आवेदन और धमकी की रिकॉर्डिंग सौंपे जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपी तक नहीं पहुंच पाई है। नतीजतन धमकियों का सिलसिला लगातार जारी है, जिससे नेता व उनके परिवार की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
**मार्च में शामिल रहे भाजपा पदाधिकारी एवं क्षेत्रवासी**
इस पैदल मार्च में भाजपा प्रदेश समिति सदस्य किसान मोर्चा फूलचंद किस्कू, दीपक श्रीवास्तव, नितेश मिश्रा, सूरज बरनवाल, संगीता बरनवाल, गोवर्धन पंडित, ढुलेश्वर साव, दीपमाला बरनवाल, प्रदीप भदानी, रवि रजक, वासुदेव महतो, जागेश्वर महतो, गोपाल विश्वकर्मा, चंदन जायसवाल, महेश रविदास, टेकनी देवी, सुनील सेठ, राजू स्वर्णकार, अर्जुन यादव, शांति देवी एवं मुरली ठाकुर सहित हजारों की संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मार्च में शामिल एक स्थानीय नागरिक ने कहा "पुलिस को शिकायत के दो हफ्ते बाद भी अगर आरोपी पकड़ में नहीं आता, तो यह साफ दिखाता है कि प्रशासन के पास इच्छाशक्ति की कमी है। हम चाहते हैं कि आज ही इस मामले में ठोस कार्रवाई हो।"

**यह हैं प्रमुख मांगें**
1. व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से धमकी देने वाले व्यक्ति की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
2. मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
3. भाजपा नेता सुरेन्द्र कुमार एवं जिला परिषद सदस्या सुनीता कुमारी की सुरक्षा हेतु आवश्यक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए।
4. क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु आवश्यक। प्रशासनिक कदम उठाए जाएं
माँग पत्र अनुमंडल पदाधिकारी कार्यालय, डुमरी द्वारा प्राप्त कर लिया गया है। क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.