पचम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, तीन गंभीर घायल।
SHIKHAR DARPANMonday, July 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पचम्बा–जमुआ मुख्य मार्ग पर सोमवार शाम पथलानवाडीह के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रांची से जमुआ होते हुए गिरिडीह की ओर आ रही इनोवा (JH10BV2018) की सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दूर जा गिरे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को प्राथमिक सहायता दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और अपने वाहन से सभी घायलों को गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
चिकित्सकों के अनुसार, हादसे में घायल एक बच्चे के पैर में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य दो लोगों को भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों का उपचार जारी है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस सेवा की धीमी व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि सूचना देने के बावजूद करीब एक घंटे तक एंबुलेंस नहीं पहुंची। यदि पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो घायलों को अस्पताल पहुंचाने में और अधिक देरी हो सकती थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त इनोवा और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस आगे की कानूनी एवं तकनीकी जांच में जुटी हुई है।