अवैध बालू पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: दो ट्रैक्टर जब्त, पुलिस को सौंपे गए।
SHIKHAR DARPANFriday, July 03, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए दो बालू लदे ट्रैक्टर जब्त किए हैं शुक्रवार को जमुआ के अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दोनों ट्रैक्टरों को रंगेहाथ पकड़ा। इसके बाद जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जमुआ थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, अंचल अधिकारी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि क्षेत्र के विभिन्न नदी घाटों से अवैध रूप से बालू का उत्खनन कर उसका परिवहन किया जा रहा है इसी बीच सूचना मिली कि दो ट्रैक्टर अवैध बालू लादकर देवरी की ओर जा रहे हैं सूचना मिलते ही सीओ ने टीम के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों ट्रैक्टरों को पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रैक्टर चालकों से बालू के उत्खनन एवं परिवहन से संबंधित वैध चालान और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।जब्त किए गए दोनों ट्रैक्टरों को जमुआ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस ने वाहनों को थाना परिसर में सुरक्षित रख लिया है तथा संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। *अवैध कारोबार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं:- कार्रवाई के बाद अंचल अधिकारी नरेश कुमार वर्मा ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा उन्होंने कहा कि नदी घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी औचक छापेमारी अभियान जारी रहेगा अवैध खनन और परिवहन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने सभी संबंधित चौकीदारों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के नदी घाटों पर विशेष नजर रखें और कहीं भी अवैध बालू उठाव या परिवहन की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।