Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एन. झा का शव कुएं से बरामद, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे बी० एन० झा / पुलिस जुटी जांच में।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिले के पचंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत लखारी से सोमवार सुबह एक दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई। सदर अस्पताल के पूर्व उपाधीक्षक (डिप्टी सुपरिंटेंडेंट) एवं पूर्व प्रभारी सिविल सर्जन रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.एन. झा का शव लखारी स्थित एक सार्वजनिक कुएं से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. बी.एन. झा सोमवार सुबह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों ने लखारी स्थित एक बड़े कुएं में शव तैरता देखा और इसकी सूचना पचंबा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को कुएं से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।

डॉ. झा शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सकों में गिने जाते थे और अपनी सरलता, व्यवहार कुशलता तथा मरीजों के प्रति समर्पित सेवा भाव के लिए व्यापक रूप से सम्मानित थे। उनके आकस्मिक निधन से चिकित्सा जगत सहित पूरे जिले में शोक का माहौल है। घटना पर भाजपा नेता विनय सिंह समेत कई सामाजिक एवं राजनीतिक लोगों ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए दिवंगत चिकित्सक को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना जताई। फिलहाल डॉ. झा की मृत्यु किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पचंबा थाना पुलिस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.