Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में पुलिस का सघन एंटी क्राइम चेकिंग अभियान, अपराधियों में खौफ पैदा करने की तैयारी।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर रविवार को जिलेभर में विशेष एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी थाना क्षेत्रों के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर वाहनों एवं संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की।  एसपी के निर्देश पर सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक तथा थाना व ओपी प्रभारी स्वयं फील्ड में मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं। अधिकारियों को देर रात तक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर चेकिंग अभियान को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए हैं।

अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई, वहीं संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी लेने के साथ पूछताछ भी की गई। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है ताकि किसी भी आपराधिक घटना को होने से पहले रोका जा सके। पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि जिले में बेहतर अपराध नियंत्रण और नागरिकों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के जिले के किसी भी थाना क्षेत्र में चलाया जाएगा। साथ ही आम लोगों से पुलिस जांच में सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की अपील की। गिरिडीह पुलिस ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.