Type Here to Get Search Results !

दुबई में प्रवासी मजदूर लालचंद महतो की मौत: पीड़ित परिवार से मिले जनप्रतिनिधि, हरसंभव मदद का भरोसा; विदेश मंत्री को भी लिखा गया पत्र।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

बगोदर प्रखंड के तिरला पंचायत निवासी प्रवासी मजदूर लालचंद महतो की दुबई में हुई दुखद मौत के बाद उनके परिवार को सांत्वना देने और सहायता का भरोसा दिलाने के लिए जनप्रतिनिधियों का लगातार पहुंचना जारी है। पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, डुमरी विधायक जयराम महतो तथा विधायक नागेन्द्र महतो ने अलग-अलग स्तर पर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है। बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है। अपने पत्र में उन्होंने दुबई में मृत लालचंद महतो के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने, पीड़ित परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा पूरी प्रक्रिया को मानवीय आधार पर तेजी से पूरा कराने का आग्रह किया है। विधायक ने इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से भी बातचीत कर आवश्यक पहल करने की बात कही।

वहीं डुमरी विधायक जयराम महतो भी तिरला पहुंचे और मृतक के परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान की तथा आश्वस्त किया कि मृतक के पार्थिव शरीर को भारत लाने और परिवार को आवश्यक सरकारी सहायता दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।इधर पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह ने तिरला गांव पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने लालचंद महतो के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा समाज पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने परिवार को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। गौरतलब है कि तिरला निवासी प्रवासी मजदूर लालचंद महतो की दुबई में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है। अब जनप्रतिनिधियों की पहल से परिजनों को शीघ्र सहायता और पार्थिव शरीर के स्वदेश लाए जाने की उम्मीद जगी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.