झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने गिरिडीह परिसदन में की समीक्षा बैठक, अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के दिए निर्देश।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 14, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
झारखंड विधानसभा की सदाचार समिति ने आज गिरिडीह जिले का दौरा किया। जिला आगमन पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ बिमल कुमार ने समिति के सभापति एवं सम्मानित सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इसके उपरांत परिसदन भवन में समिति के सभापति की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विभागों में अनुकंपा नियुक्ति के लंबित मामलों की विभागवार समीक्षा की गई।
समिति ने संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी प्राप्त करते हुए निर्देश दिया कि सभी पात्र एवं अहर्ताधारी आश्रितों के मामलों का नियमानुसार परीक्षण कर अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। समिति ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत सरकारी सेवकों के आश्रित परिवारों को कठिन परिस्थितियों में समय पर आर्थिक एवं सामाजिक संबल प्रदान करना है। इसलिए सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए पात्र लाभुकों को नियमानुसार नियुक्ति उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक विलंब का सामना न करना पड़े। बैठक के दौरान विभागवार लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। समिति ने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित मामलों के निष्पादन की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया। बैठक में समिति के सम्मानित सदस्यों, जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।