Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार हुए बाइक सवार बदमाश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार को पचम्बा थाना क्षेत्र के कृष्णा नगर में दिनदहाड़े बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा नगर गली नंबर-2 निवासी सोनी कुमारी अपने बच्चे को ट्यूशन छोड़ने जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही महिला के पति ने पचम्बा थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पचम्बा थाना प्रभारी ने बताया कि घटना स्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। शहर में लगातार हो रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.