बरगंडा में ईवनिंग वॉक पर निकली वृद्ध महिला से 4 लाख की सोने की चेन झपटी//पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के आवास के समीप वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई घटना।
SHIKHAR DARPANSaturday, July 11, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
शहर के बरगंडा इलाके में शनिवार की शाम बाइक सवार दो झपटमारों ने ईवनिंग वॉक पर निकली एक वृद्ध महिला के गले से करीब 4 लाख रुपये मूल्य की सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। घटना प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के आवास के समीप हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, बरगंडा निवासी आशा देवी शनिवार शाम करीब 7 बजे रोज की तरह टहलने निकली थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक उनके पास पहुंचे और पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन झपटकर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही आरोपी मौके से निकल चुके थे। घटना की पूरी तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
*लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाएं:- शहर के बरगंडा समेत विभिन्न इलाकों में हाल के दिनों में चोरी, झपटमारी और लूट की घटनाओं में लगातार वृद्धि देखने को मिल रही है। पूर्व मुख्यमंत्री के आवास के समीप हुई इस वारदात ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी कड़ी करने और झपटमारी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।