Type Here to Get Search Results !

श्रावणी मेला और कानून-व्यवस्था को लेकर गिरिडीह पुलिस अलर्ट, एसपी ने दिए कड़े निर्देश।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में शनिवार को गिरिडीह पुलिस कार्यालय स्थित सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों की समीक्षा, तकनीकी अनुसंधान की प्रगति तथा आगामी श्रावणी मेला-2026 के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक एवं थाना/ओपी प्रभारियों को श्रावणी मेला के दौरान कांवरियों की सुरक्षा, प्रमुख शिवालयों में भीड़ प्रबंधन, सादे लिबास में पुलिस बल की तैनाती तथा आवश्यक रूट डायवर्जन की पूर्व तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी लंबित कांडों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान कर निष्पादन करने, महिला संबंधी अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने तथा आरोपियों के विरुद्ध त्वरित और सख्त कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में न्यायालय से प्राप्त वारंट एवं कुर्की का शत-प्रतिशत निष्पादन, लंबित पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही रात्रि गश्ती को और प्रभावी बनाने, वारंटियों एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा अपराध नियंत्रण को लेकर सतर्क रहने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक ने आम जनता से प्राप्त शिकायतों और विभिन्न आयोगों से आने वाले मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निष्पादन करने, नागरिकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने तथा 'पब्लिक फ्रेंडली पुलिसिंग' को प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी बल दिया। बैठक के अंत में गिरिडीह पुलिस ने दोहराया कि आम नागरिकों की सुरक्षा, बेहतर कानून-व्यवस्था और त्वरित न्याय प्रक्रिया सुनिश्चित करना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.