कस्तूरबा स्कूल की छात्रा अपहरण कांड का खुलासा: हाथरस से बरामद हुई नाबालिग, आरोपी भेजा गया जेल।
SHIKHAR DARPANMonday, July 06, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की नाबालिक छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। उत्तर प्रदेश के हाथरस से छात्रा को सकुशल बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पचंबा थाना क्षेत्र के चैताडीह स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में गिरफ्तार आरोपी दुलारचन्द मंडल को शनिवार को अदालत में पेश किया गया।
कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में केंद्रीय कारा गिरिडीह भेज दिया गया। पुलिस ने छात्रा को उत्तर प्रदेश के हाथरस से सकुशल बरामद किया था। वहीं से आरोपी को भी गिरफ्तार कर गिरिडीह लाया गया। छात्रा का मेडिकल परीक्षण कराने और अदालत में बयान दर्ज कराने की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। गौरतलब है कि छात्रा के पिता ने 30 जून को पचंबा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 29 जून को दुलारचन्द मंडल उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर दोनों को उत्तर प्रदेश के हाथरस से बरामद कर लिया।