Type Here to Get Search Results !

कोयवाटांड़ में सड़क निर्माण विवाद सुलझा, प्रशासन की पहल पर बनी सहमति।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पालगंज पंचायत के कोयवाटांड़ में सड़क निर्माण को लेकर कई महीनों से चला आ रहा विवाद गुरुवार को प्रशासन की पहल पर समाप्त हो गया। पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर बातचीत कराई, जिसके बाद सड़क निर्माण पर आपसी सहमति बन गई। प्रशासन ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर संवेदक से संपर्क कर जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार, कोयवाटांड़ के दो मोहल्लों के बीच सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसको लेकर दोनों पक्ष कई महीनों से प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहे थे और कई बार आपसी तनाव की स्थिति भी उत्पन्न हुई।

गुरुवार को विवाद उस समय फिर बढ़ गया, जब ग्रामीण स्वयं सड़क निर्माण कराने में जुट गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कर वार्ता के लिए बैठाया। बातचीत के बाद दोनों पक्ष सड़क निर्माण को लेकर सहमत हो गए और विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकल गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद संवेदक से संपर्क कर जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। विवाद समाप्त होने के बाद ग्रामीणों ने राहत व्यक्त की और उम्मीद जताई कि अब वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इस दौरान मुखिया पति बिरजू साहू, पंचायत समिति सदस्य जोगेंद्र तिवारी, रविरंजन सिंह सहित दोनों पक्षों के ग्रामीण मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.