पीरटांड़ के पालगंज में सड़क हादसा में बाइक सवार युवक की हुई मौत।
SHIKHAR DARPANThursday, July 16, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पालगंज दुर्गा मंडप के समीप धावाटांड़ के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बदगुंदा निवासी 35 वर्षीय छाट्टू राय के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।घटना के सम्बंध में मिली जानकारी के अनुसार छाट्टू राय अपने ससुराल पालगंज पंचायत के सुगवाटांड़ से बाइक पर सवार होकर अपने घर बदगुंदा लौट रहा था। इसी दौरान धावाटांड़ पहाड़ी के समीप एक तीखे मोड़ पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नीचे जा गिरी। हादसे में उनके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद स्थानीय राहगीरों ने घायल अवस्था में पड़े युवक को देखा और तत्काल उनके ससुराल वालों को सूचना दी। परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। मृतक अपने पीछे गर्भवती पत्नी, सात वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय पुत्री को छोड़ गए हैं। परिजनों ने बताया कि छाट्टू राय की शादी करीब नौ वर्ष पूर्व हुई थी और उनकी पत्नी गर्भावस्था के अंतिम चरण में हैं। ऐसे समय में परिवार के मुखिया की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।पीरटांड़ पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।