जय जगन्नाथ के जयघोष के बीच निकली भव्य रथयात्रा, श्रद्धालुओं ने खींची रथ की रस्सी।
SHIKHAR DARPANThursday, July 16, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
रथ यात्रा के पावन अवसर पर गुरुवार को शहर के सीएमआर रोड स्थित पुरातन शिवालय से भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ निकाली गई। वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पुजारी सतीश मिश्रा ने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा के काष्ठ विग्रह की पूजा-अर्चना कर छप्पन भोग एवं महाप्रसाद अर्पित किया। इसके बाद भगवान का रथ नगर भ्रमण के लिए रवाना हुआ। रथयात्रा के दौरान पूरा शहर ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और "जय जगन्नाथ" के जयघोष से गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रथ की रस्सी खींचकर स्वयं को धन्य मानते हुए भक्ति भाव में झूमते नजर आए। मान्यता है कि भगवान के रथ की रस्सी खींचने से भक्तों को विशेष पुण्य और प्रभु का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
पुजारी सतीश मिश्रा ने बताया कि आषाढ़ शुक्ल द्वितीया से प्रारंभ होने वाला यह नौ दिवसीय अनुष्ठान आस्था, लोक संस्कृति और जनजीवन का अनुपम संगम है। इस दिन भगवान जगन्नाथ अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए गर्भगृह से बाहर निकलते हैं। नगर भ्रमण के बाद भगवान मौसीबाड़ी (छोटकी काली मंडा, गांधी चौक) में सात दिनों तक विश्राम करेंगे, जहां प्रतिदिन पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे।रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया और पूरे मार्ग में भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में सुशील सुराणा, वार्ड पार्षद दीपक यादव, अमित मिश्रा, सुमित मिश्रा, रंजन कुमार सिन्हा, रामजी, सौरभ कुमार, सिद्धांत कुमार एवं उज्ज्वल मिश्रा सहित अन्य श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा।