पीरटांड़ में जंगली हाथियों का आतंक जारी, दूसरे दिन भी मचाया उत्पात।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 08, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। मंगलवार देर रात करीब 32 हाथियों का झुंड कठवारा गांव पहुंच गया, जहां हाथियों ने जमकर उत्पात मचाते हुए कई संपत्तियों और फसलों को नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, हाथियों ने गांव निवासी बिनोद तिवारी के घर की चारदीवारी को कई स्थानों से तोड़ दिया और परिसर में लगे कलमी आम के पौधों सहित अन्य पौधों एवं फसलों को रौंदकर बर्बाद कर दिया। पीड़ित बिनोद तिवारी ने बताया कि देर रात हाथियों का झुंड उनके घर के पास पहुंचा और बाउंड्री वॉल तोड़ते हुए परिसर में घुस गया। हाथियों के उत्पात से उन्हें काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
इधर, हाथियों के झुंड ने नावाडीह विद्यालय में भी नुकसान पहुंचाया। विद्यालय की खिड़कियां तोड़ दीं तथा मध्याह्न भोजन से संबंधित चावल रखने की पेटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। लगातार दूसरे दिन हाथियों के गांव में पहुंचने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोगों ने पूरी रात जागकर मशाल, टॉर्च और पटाखों के सहारे हाथियों को गांव से दूर भगाने का प्रयास किया। वन विभाग के कर्मी रोहित कुमार एवं संतोष दास ने बताया कि लगभग 32 जंगली हाथियों का झुंड इन दिनों पीरटांड़ क्षेत्र में विचरण कर रहा है। विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने बताया कि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से अपील की गई है कि हाथियों के नजदीक जाने का प्रयास न करें और किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।